झारखंड के दो मजदूरों की छत्तीसगढ़ में ट्रेन से कटकर मौत

झारखंड के दो मजदूरों की छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ट्रेन से कटकर मौत हो गयी. यह हादसा मंगलवार सुबह करीब चार बजे कुसुमकसा से दल्लीराजहरा के बीच हुआ, जब काम की तलाश में झारखंड से दल्लीराजहरा पहुंचे कुल 11 मजदूर रेलवे ट्रैक के रास्ते पैदल जा रहे थे.

शुरुआती जांच के अनुसार, अत्यधिक थकावट के कारण चार मजदूर पटरी पर ही सो गए थे. इसी दौरान सुबह लगभग चार बजे एक ट्रेन उस पटरी से गुजरी, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी. उनके शव कई हिस्सों में बंट गये थे.

वहीं नींद से जागकर भागने की कोशिश में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और पटरी के किनारे दर्द से कहराते पाए गए. उनके आसपास उनका सामान, मोबाइल फोन और बैग बिखरा पड़ा था.

इधर घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के क्षत-विक्षत शवों को कब्जे में लिया और घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

Loading

Leave Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *