ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर विहिप का समर्थन, बजरंग बागड़ा बोले: आतंकवाद अब बर्दाश्त नहीं होगा

रांची, 15 मई: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल रहा और इस अभियान के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सेना के साहस और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है और विहिप इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और सुरक्षाबलों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

रांची में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “कुछ लोग अधूरी जानकारी के आधार पर विरोध जता रहे हैं, जबकि सैन्य बलों द्वारा दी गई जानकारी ही सही और राष्ट्रीय हित में होती है।”

बांग्लादेशी घुसपैठ और अवैध कब्जे पर जताई चिंता

बागड़ा ने झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ पर भी चिंता जताई और कहा कि विदेशों से आए लोग जनजातीय क्षेत्रों में अवैध तरीके से बस रहे हैं, स्थानीय महिलाओं से विवाह कर संपत्ति पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को इस दिशा में सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए बताया कि वहाँ बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर उनके अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं।

उन्होंने कहा, “यह मुद्दा राजनीति से ऊपर है। आदिवासियों की संस्कृति और सामाजिक सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।”

मतांतरण और आरक्षण का मुद्दा उठाया

विहिप महामंत्री ने देश में चल रहे कथित अवैध धर्मांतरण और “लव जिहाद” पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों के कुछ लोग ईसाई धर्म अपनाने के बाद भी सरकारी आरक्षण और अन्य लाभों का लाभ ले रहे हैं, जिससे हिंदू अनुसूचित जातियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से कानून लागू करे और हिंदू समाज के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करे।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित

इस अवसर पर विहिप झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, प्रदेश मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र और प्रचार प्रमुख प्रकाश रंजन भी उपस्थित थे।

Loading

Leave Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *