घाघरा में जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

घाघरा। प्रखंड विकास पदाधिकारी (वीडियो) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रखंड सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

वीडियो दिनेश कुमार ने बाल विकास परियोजना, पशुपालन, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा एवं अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। बाल विकास परियोजना कार्यालय के कर्मियों ने मातृ वंदना योजना, कन्या दान योजना और जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पशुपालन विभाग ने बैठक में आदिम जनजाति को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। विभाग ने बताया कि शूकर पालन, बकरी पालन और मुर्गी पालन जैसी योजनाओं के तहत लाभुकों को अनुदान दिया जा रहा है।

कृषि विभाग ने केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण के लक्ष्य और उसकी उपलब्धियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि अधिक किसानों को ऋण योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि वे कृषि में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर सकें।

बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर बीपीओ बेबी कुमारी, पशुपालन पदाधिकारी अशोक कुमार, महिला पर्यवेक्षिका पुष्पा टोप्पो, शंकर साहू सहित अन्य कर्मी और पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रखंड स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी।

Loading

Leave Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *